न्यूज प्रिन्ट,रूद्रपुर। रूद्रपुर चैरिटेबल ब्लड सेंटर के तत्वावधान में ट्रांजिट कैम्प सिडकुल ढाल स्थित अपना हॉल में आयोजित रक्तदान शिविर में दर्जनों लोगों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर मानवता की सेवा का संदेश दिया। शिविर का शुभारंभ पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने किया। इस दौरान उन्होंने रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें सम्मानित भी किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजकुमार ठुकराल ने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा महादान है। किसी जरूरतमंद व्यक्ति को समय पर रक्त उपलब्ध हो जाना उसके जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने कहा कि दुर्घटनाओं, गंभीर बीमारियों, ऑपरेशन और अन्य आपात परिस्थितियों में रक्त की आवश्यकता पड़ती रहती है। ऐसे में समाज के स्वस्थ लोगों को नियमित रूप से रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि रक्तदान से न केवल किसी व्यक्ति का जीवन बचाया जा सकता है, बल्कि इससे समाज में सेवा, सहयोग और मानवता की भावना भी मजबूत होती है। ठुकराल ने कहा कि युवाओं को विशेष रूप से रक्तदान के प्रति जागरूक होने की आवश्यकता है। उन्होंने रक्तदान को सामाजिक जिम्मेदारी बताते हुए कहा कि प्रत्येक सक्षम व्यक्ति को वर्ष में कम से कम एक बार रक्तदान अवश्य करना चाहिए।
उन्होंने शिविर के आयोजन के लिए रूद्रपुर चौरिटेबल ब्लड सेंटर की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में जनजागरूकता बढ़ाने के साथ ही जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। शिविर के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। आयोजकों ने बताया कि एकत्रित रक्त विभिन्न अस्पतालों में उपचाररत मरीजों और जरूरतमंद लोगों के लिए उपयोग में लाया जाएगा। इस अवसर पर संजीव गुप्ता, पुष्पेन्द्र सिंह, जितेन्द्र गंगवार, राजीव कुमार, अंकित यादव, नरेन्द्र कश्यप, विनोद, राहुल गंगवार, हरपला गंगवार, अमित गंगवार, दिव्यांशु विश्वकर्मा, कुलदीप चौहान, कुलदीप गंगवार, प्रमोद कुमार सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।


