न्यूज प्रिन्ट रुद्रपुर। विधायक शिव अरोरा ने ट्रांजिट कैंप क्षेत्र स्थित मुक्तिधाम (श्मशान घाट) में विधायक निधि से स्वीकृत 10 लाख रुपये की लागत से बने शवदाह गृह और टीन शेड निर्माण कार्य का लोकार्पण किया। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों ने विधायक का स्वागत किया। यह निर्माण कार्य लंबे समय से क्षेत्रवासियों की मांग पर किया गया था, जिससे अंतिम संस्कार के दौरान लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में बड़ी आबादी निवास करती है, जिसमें सिडकुल में कार्यरत श्रमिक और स्थानीय लोग शामिल हैं। श्मशान घाट जैसे महत्वपूर्ण स्थल पर सुविधाओं का होना आवश्यक था, जिसे ध्यान में रखते हुए यह कार्य कराया गया है।
उन्होंने कहा कि श्मशान घाट जीवन का सत्य है और ऐसे स्थानों को व्यवस्थित एवं सुविधाजनक बनाना जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में सड़क, नाली, शिक्षा संस्थान और धार्मिक स्थलों के विकास पर लगातार कार्य किया जा रहा है।
विधायक ने कहा कि धार्मिक और आस्था से जुड़े स्थलों को भी प्राथमिकता के आधार पर सुंदर और व्यवस्थित बनाने का प्रयास किया गया है, ताकि आम लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष, पार्षदगण और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
खबर व विज्ञापन के लिए संम्पर्क करें 98376 11839 ।


