न्यूज प्रिन्ट,रुद्रपुर। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया की अध्यक्षता में कैम्प कार्यालय में शांति एवं कानून व्यवस्था को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद की सुरक्षा व्यवस्था, सामाजिक सौहार्द और विभिन्न संवेदनशील मामलों पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि धर्मांतरण, अवैध नशा, अतिक्रमण तथा अवैध धार्मिक संरचनाओं सहित सभी अवैध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाए और नियमों के उल्लंघन पर तत्काल कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनपद में शांति व्यवस्था भंग करने वाली किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने महिला सुरक्षा, पॉक्सो मामलों, चोरी, गृहभेदन, नशे के कारोबार, अवैध इंजेक्शन और मिलावटी दवाइयों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। औद्योगिक क्षेत्रों में श्रमिकों से जुड़े मामलों और संगठनों की गतिविधियों पर भी नियमित निगरानी रखने को कहा गया। साथ ही यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि श्रमिकों को सरकार द्वारा निर्धारित वेतन मिल रहा है या नहीं। धर्मांतरण और अवैध धार्मिक संरचनाओं के मुद्दे पर जिलाधिकारी ने कहा कि उत्तराखंड धर्म स्वतंत्रता अधिनियम, 2018 का कड़ाई से पालन किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि ऐसे मामलों में प्राप्त प्रत्येक शिकायत पर गंभीरता से जांच कर त्वरित कार्रवाई की जाए तथा संभावित स्थलों की नियमित निगरानी रखी जाए।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि सरकारी भूमि या नियमों के विपरीत बनी अवैध धार्मिक संरचनाओं को चिन्हित कर विधिसम्मत कार्रवाई की जाए। ग्रामीण क्षेत्रों में भी ऐसी संरचनाओं की पहचान के लिए खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि सामाजिक सौहार्द बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसके लिए प्रभावित क्षेत्रों में विभागीय समन्वय के साथ जनसुनवाई और समाधान शिविर आयोजित किए जाएं। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


