जनता महंगाई, बेरोजगारी और किसानों की बदहाली से त्रस्त
न्यूज प्रिन्ट,शक्तिफार्म। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के शक्तिफार्म दौरे के दौरान रविवार को क्षेत्र का राजनीतिक माहौल पूरी तरह गरमा गया, जब कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने काले झंडों और काली पट्टियों के साथ जोरदार विरोध प्रदर्शन करते हुए भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। कांग्रेस पार्टी सितारगंज के ब्लॉक अध्यक्ष रंजीत सिंह राणा एवं शक्तिफार्म ब्लॉक अध्यक्ष उत्तम कुमार आचार्या के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए और मुख्यमंत्री वापस जाओ, महंगाई और बेरोजगारी से जनता त्रस्त, किसानों का शोषण बंद करो जैसे नारों से पूरे क्षेत्र को गुंजायमान कर दिया। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को भारी पुलिस बल और प्रशासन ने बीच रास्ते में ही रोक लिया।
इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली। बाद में कई कार्यकर्ताओं को बसों में भरकर थाने ले जाया गया, जहां उन्हें घंटों नजरबंद रखा गया। पुलिस की इस कार्रवाई को लेकर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं में भारी रोष देखने को मिला। प्रदर्शन के दौरान पूर्व विधायक नारायण पाल ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है, महंगाई ने आम जनता की कमर तोड़ दी है और किसान खाद, सिंचाई तथा भूमि संबंधी समस्याओं से जूझ रहे हैं, लेकिन सरकार केवल प्रचार में व्यस्त है। उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है और सरकार जनभावनाओं को पूरी तरह नजर अंदाज कर रही है। इस मौके पर मुख्यमंत्री के नाम सौंपे गए ज्ञापन में बंगाली समुदाय को अनुसूचित जाति का दर्जा देने, वर्ग-8 किसानों की भूमि वापस कराने, किसानों को पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने, नीट परीक्षा पेपर लीक के दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने तथा सिंचाई एवं वन विभाग की भूमि पर वर्षों से रह रहे लोगों को मालिकाना हक देने जैसी मांगें प्रमुख रूप से उठाई गईं।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता नवतेज़ पाल सिंह महर ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द जनसमस्याओं का समाधान नहीं किया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। वहीं शक्तिफार्म ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष उत्तम आचार्य ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा सरकार जनता को केवल झूठे सपने दिखाने का काम कर रही है। किसानों को खाद नहीं मिल रही, युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा और गरीब आदमी महंगाई से परेशान है। सरकार जनता की आवाज दबाने के लिए पुलिस का सहारा ले रही है, लेकिन कांग्रेस डरने वाली नहीं है। आने वाले समय में जनता इस जनविरोधी सरकार को जवाब देगी। प्रदर्शन में पूर्व मंडी चेयरमैन हरपाल सिंह, पूरन सिंह चौहान, सुमिदर यादव, अमित सरकार, रंजीत मंडल, श्रीकांत मिस्त्री, सपना ओझा, महानंद विश्वास, विनय विश्वास, सुकुमार चक्रवर्ती, मनोज सूतार,चक्रधर वसीम मलिक, मो. जावेद सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।


