40.1 C
Rudrapur
Tuesday, May 19, 2026

RUDRAPUR: गायन प्रतियोगिता में प्रतिभाओं ने सुरों से मचाया धमाल ध्रुव, आयुष्मान और उद्यान ने जीता बेस्ट सिंगर का खिताब

अवश्य पढ़ें

न्यूज प्रिन्ट,रूद्रपुर। लोक रचना समिति द्वारा आयोजित स्कूली बच्चों की गायन प्रतियोगिता के सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले में प्रतियोगियों ने अपने सुरों का जादू बिखेरकर जमकर धमाल मचाया। रुद्रपुर के होटल रुद्रा कांटीनेंटल में आयोजित सुरों के इस महासंग्राम में कुल 30 मेधावी प्रतिभागियों ने अपनी उत्कृष्ट गायन प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कड़े मुकाबले के बाद फाइनल में पहुंचे प्रतिभागियों में से तीन अलग-अलग आयु वर्गों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय विजेताओं का चयन कर उन्हें आकर्षक ट्रॉफी एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। पिछले कई वर्षों से लगातार आयोजित की जा रही इस प्रतिष्ठित गायन प्रतियोगिता के लिए पिछले दिनों ऑडिशन आयोजित किए गए थे।

ऑडिशन में शहर और आसपास के विभिन्न स्कूलों के 110 बच्चों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया था। कड़े परीक्षण के बाद सेमीफाइनल के लिए तीन अलग-अलग वर्गों से कुल 30 सर्वश्रेष्ठ मेधावी प्रतिभागियों का चयन किया गया था। सोमवार को आयोजित सेमीफाइनल मुकाबले के मुख्य अतिथि शील चंद एग्रो ग्रुप के एमडी मोहन गोयल और विशिष्ट अतिथि एमेनिटी पब्लिक स्कूल के एमडी सुभाष अरोरा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का भव्य शुभारम्भ किया। इसके बाद फाइनल मुकाबले में मुख्य अतिथि के रूप में महापौर विकास शर्मा, विशिष्ट अतिथि के रूप में आरएएन स्कूल के प्रबंधक मोहित राय एवं होली चाइल्ड स्कूल के प्रबंधक विकास बत्रा उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता कोलंबस पब्लिक स्कूल के प्रबंधक मनोज खेड़ा ने की।

प्रतियोगिता के सेमीफाइनल दौर में 30 प्रतिभागियों के शानदार प्रदर्शन के आधार पर फाइनल मुकाबले के लिए 15 श्रेष्ठ गायकों का चयन किया गया। फाइनल राउंड में बच्चों ने यह दिल तुम बिन कहीं लगता नहींश्, श्तूने ओ रंगीला कैसे जादू किया, हमें तुमसे प्यार कितना, एक राधा एक मीरा, नैनों में बदरा छाए और हमें और जीने की चाहत ना होती जैसे एक से बढ़कर एक सदाबहार गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर हॉल में मौजूद सभी श्रोताओं और अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। सुरों के इस कड़े संग्राम में जजों के मूल्यांकन के आधार पर सीनियर वर्ग से ध्रुव को सर्वश्रेष्ठ गायक यानी बैस्ट सिंगर के खिताब से नवाजा गया। इसी वर्ग में शानदार गायकी का प्रदर्शन कर जय ने दूसरा और साई ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। जूनियर वर्ग से बैस्ट सिंगर का प्रतिष्ठित खिताब आयुष्मान के नाम रहा, जबकि बेहतरीन गायन के चलते आस्तिक दूसरे स्थान पर और आराध्या तीसरे स्थान पर रहीं।

सब जूनियर वर्ग से उद्यान अपनी सुरीली आवाज के दम पर बैस्ट सिंगर चुने गये, जबकि कड़ी टक्कर देते हुए आरव दूसरे स्थान पर और नैन्सी तीसरे स्थान पर रहीं। सभी विजेताओं को मुख्य अतिथियों और विशिष्ट अतिथियों द्वारा आकर्षक चमचमाती ट्रॉफी और कई विशेष पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। फाइनल मुकाबले के मुख्य अतिथि महापौर विकास शर्मा रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में आरएएन स्कूल के प्रबंधक मोहित राय और होली चाइल्ड स्कूल के प्रबंधक विकास बत्रा मौजूद रहे जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता कोलंबस पब्लिक स्कूल के प्रबंधक मनोज खेड़ा ने की। अतिथियों ने विजेताओं को आकर्षक ट्रॉफी और पुरस्कार देकर सम्मानित किया तथा बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में मुख्य निर्णायक (जज) की महत्वपूर्ण भूमिका में सुजाता नारंग और शैली बंसल मौजूद रहीं, जिन्होंने पूरी निष्पक्षता के साथ विजेताओं का आकलन किया। मंच का सफल और ऊर्जावान संचालन मोहित बत्रा और भविष्य ढींगरा द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।

समापन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि महापौर विकास शर्मा ने लोक रचना समिति के इस अनूठे प्रयास की खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा कि समिति पिछले कई वर्षों से इस अनवरत प्रतियोगिता के माध्यम से स्थानीय बच्चों को अपनी छुपा हुआ हुनर दिखाने के लिए एक बेहतरीन और मजबूत मंच प्रदान कर रही है। उन्होंने गर्व से इस बात का उल्लेख किया कि इसी मंच से निकलीं हमारे शहर की प्रतिभाएं इंडियन आइडल जैसे राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त प्रतिष्ठित शो में भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुकी हैं। इस तरह की प्रतियोगिताएं जमीनी स्तर की प्रतिभाओं को तराश कर आगे बढ़ाने का काम करती हैं, जो बाद में चलकर देश और दुनिया के पटल पर शहर का नाम रोशन करती हैं। उन्होंने भविष्य में भी ऐसी खेल और सांस्कृतिक प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए जिला प्रशासन और अपनी तरफ से हरसंभव सहयोग देने का पूरा आश्वासन दिया। कार्यक्रम में आरएएन स्कूल के एमडी मोहित राय ने भी बच्चों के प्रदर्शन की सराहना की और कला के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के संयोजक केवल कृष्ण बत्रा ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, प्रबुद्ध नागरिकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि सभी के निस्वार्थ सहयोग से ही इतना बड़ा आयोजन कुशलतापूर्वक संपन्न हो पाता है। उन्होंने संकल्प दोहराया कि बच्चों और युवाओं के भीतर छिपी प्रतिभाओं को मंच देने और उन्हें आगे बढ़ाने के लिए समिति के ये प्रयास भविष्य में भी इसी प्रकार निरंतर जारी रहेंगे। इस अवसर पर मुख्य रूप से कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुधांशु गाबा, वरिष्ठ उद्योगपति अशोक अदलखा, वरिष्ठ समाजसेवी ताराचंद अग्रवाल, सुषमा अग्रवाल, शैली फुटेला, गौरव ज्वेल, पारस चुघ, अजय चड्ढा, उत्तरांचल दर्पण के संपादक परमपाल सुखीजा, व्यापार मंडल के पूर्व महामंत्री हरीश अरोड़ा, युवा व्यापार मंडल के पूर्व महामंत्री पवन गाबा पली और राजीव अनेजा सहित भारी संख्या में संगीत प्रेमी, विभिन्न स्कूलों के शिक्षक एवं अभिभावक उपस्थित रहे। विजेताओं पर पुरस्कारों की बौछार इस भव्य प्रतियोगिता में भाग लेने वाले होनहार बच्चों पर पुरस्कारों की जमकर बौछार हुई। शील चंद एग्रो ग्रुप की तरफ से हर वर्ग के विजेता, उपविजेता एवं फर्स्ट रनर अप को 2100 रुपये का नकद पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया। वहीं आरएएन पब्लिक स्कूल के एमडी मोहित राय की ओर से हर वर्ग के विजेता बच्चे के संगीत शिक्षक को भी उनकी मेहनत के लिए 2500 रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया।

इसके साथ ही बच्चों को बेहतरीन होटलों की तरफ से डिनर पैकेज भी उपहार स्वरूप मिले, जिसमें होटल सोनिया की तरफ से हर वर्ग के विजेता को चार लोगों के लिए डिनर पैकेज दिया गया। होटल अर्क की तरफ से सीनियर वर्ग के विजेता को और होटल अंबर की तरफ से सब जूनियर वर्ग के विजेता को चार-चार लोगों का डिनर पैकेज दिया गया। स्वर्गीय बलीराम खेड़ा की पावन स्मृति में कोलंबस पब्लिक स्कूल के प्रबंधक मनोज खेड़ा द्वारा सभी वर्गों के विजेताओं, उपविजेताओं और फर्स्ट रनर अप बच्चों को खूबसूरत और आकर्षक ट्रॉफियां प्रदान की गईं। रुद्रा म्यूजिक अकादमी की तरफ से भी तीनों विजेताओं को ट्रॉफियां दी गईं, साथ ही सेमीफाइनल तक का सफर तय करने वाले सभी प्रतिभावान बच्चों को अकादमी में एक महीने का संगीत प्रशिक्षण मुफ्त देने की घोषणा की गई। इसके अलावा विशांत भसीन द्वारा नौ बच्चों को 18 मूवी टिकट प्रदान की गईं और तीन भाग्यशाली बच्चों को देश के प्रसिद्ध यूट्यूबर सौरभ जोशी से व्यक्तिगत रूप से मिलने का एक शानदार और सुनहरा मौका भी दिया जाएगा।

स्वर्गीय तिलकराज सुखीजा की स्मृति में दिया गया विशेष पुरस्कार गायन प्रतियोगिता के दौरान पत्रकारिता जगत के पुरोधा, उत्तरांचल दर्पण के संस्थापक एवं प्रेस क्लब के भूतपूर्व महामंत्री स्वर्गीय तिलकराज सुखीजा की पावन स्मृति में भी एक विशेष पुरस्कार प्रदान किया गया। कार्यक्रम के संयोजक केवल कृष्ण बत्रा ने स्वर्गीय सुखीजा को याद करते हुए उनके व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय सुखीजा की बेबाक और निष्पक्ष लेखनी आज भी हम सभी के लिए बेहद प्रेरणादायी है। इस दौरान कार्यक्रम में मुख्य रूप से मौजूद उत्तरांचल दर्पण के संपादक परमपाल सुखीजा ने अपने पूज्य अग्रज स्वर्गीय तिलकराज सुखीजा की स्मृति में प्रतियोगिता के होनहार बाल कलाकार और आरएएन पब्लिक स्कूल के छात्र आरव नेगी को यह विशेष पुरस्कार प्रदान कर प्रोत्साहित किया।

- Advertisement -spot_img

अधिक समाचार

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

ताजा खबर