30 C
Rudrapur
Tuesday, July 21, 2026

मुख्य बाजार में जलभराव से निपटने को महापौर ने किया स्थलीय निरीक्षण

अवश्य पढ़ें

16.50 करोड़ की नाला परियोजना जल्द होगी धरातल पर

बबलू पाल न्यूज़ प्रिंट रुद्रपुर। शहर के मुख्य बाजार क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही जलभराव और नाले की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में नगर निगम ने महत्वपूर्ण पहल तेज कर दी है। सोमवार को महापौर विकास शर्मा ने क्षेत्रीय पार्षद चिराग कालरा, स्थानीय व्यापारियों, नगर निगम के अभियंताओं एवं अधिकारियों के साथ मुख्य बाजार क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर जल निकासी व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को बरसात के मौसम को देखते हुए तत्काल राहत पहुंचाने के लिए आवश्यक कदम उठाने तथा नाला निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान महापौर ने मुख्य नाले के उस हिस्से का भी अवलोकन किया, जहां निर्माण कार्य होना है। अधिकारियों ने बताया कि शेष कार्य के लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जा रही है और जल्द ही निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्य प्रारंभ होने के बाद गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता किए बिना निर्धारित समय सीमा में इसे पूरा किया जाए।

महापौर विकास शर्मा ने बताया कि स्वीकृत योजना के अंतर्गत नाले के शेष हिस्से में पाइप लाइन डाली जाएगी, जिससे बरसात के दौरान वर्षा जल की निकासी पहले की अपेक्षा कहीं अधिक तेज और व्यवस्थित हो सकेगी। उन्होंने कहा कि इस कार्य के पूरा होने के बाद मुख्य बाजार क्षेत्र में वर्षों से चली आ रही जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान होगा और व्यापारियों के साथ-साथ आम नागरिकों को भी बड़ी राहत मिलेगी।उन्होंने बताया कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए लगभग ₹16.50 करोड़ की स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है तथा शीघ्र ही इसका टेंडर जारी किया जाएगा। टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही निर्माण कार्य युद्धस्तर पर शुरू कराया जाएगा, ताकि आगामी समय में शहरवासियों को जलभराव की समस्या से स्थायी रूप से निजात मिल सके।महापौर ने कहा कि नगर निगम केवल तात्कालिक समाधान तक सीमित नहीं है, बल्कि भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए पूरे शहर की जल निकासी व्यवस्था को वैज्ञानिक और आधुनिक स्वरूप देने की दिशा में कार्य कर रहा है। इसी क्रम में शहर का समग्र ड्रेनेज प्लान भी स्वीकृत हो चुका है, जिसके अंतर्गत विभिन्न प्रमुख नालों को आपस में जोड़कर एक सुदृढ़ और व्यवस्थित जल निकासी नेटवर्क विकसित किया जाएगा। इससे शहर के विभिन्न क्षेत्रों में बरसात के दौरान जलभराव की समस्या से स्थाई निजात मिलेगी।महापौर विकास शर्मा ने कहा कि नगर निगम की प्राथमिकता केवल निर्माण कार्य कराना नहीं, बल्कि नागरिकों को ऐसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना है जिनका लाभ उन्हें वर्षों तक मिले। उन्होंने कहा कि मुख्य बाजार शहर की आर्थिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र है और यहां जलभराव होने से व्यापार के साथ-साथ आम जनजीवन भी प्रभावित होता है। इसलिए इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए नगर निगम पूरी गंभीरता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।उन्होंने व्यापारियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि उनकी समस्याओं का समाधान नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। विकास कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित की जाएगी ताकि जनता का विश्वास और मजबूत हो। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य के दौरान व्यापारिक गतिविधियां न्यूनतम प्रभावित हों तथा स्थानीय लोगों के साथ लगातार संवाद बनाए रखा जाए।इस अवसर पर राजू नबियाल, बी. एस. डांगी, शिवम चौहान,एस.आई. कुलदीप,एस.आई. आशीष शर्मा ,जे.ई. हेमंत सिंह,पार्षद चिराग कालरा, पवन राणा, विष्णु, स्थानीय व्यापारी एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

- Advertisement -spot_img

अधिक समाचार

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

ताजा खबर