भारी बारिश का अलर्ट, भूस्खलन और बाढ़ का खतरा पढ़े पूरी खबर…
न्यूज प्रिन्ट, देहरादून। उत्तराखंड में दक्षिण-पश्चिम मानसून सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने एक से चार जुलाई तक प्रदेश के कई जिलों में भारी से बेहद भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान भूस्खलन, जलभराव और नदियों-नालों के उफान पर आने की आशंका जताई गई है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार एक जुलाई को देहरादून और बागेश्वर में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत, ऊधमसिंह नगर और पिथौरागढ़ में भी भारी वर्षा की संभावना है। दो से चार जुलाई के बीच कई पर्वतीय जिलों में तेज बारिश, गरज-चमक और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।


