न्यूज प्रिन्ट,रुद्रपुर,। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भारत विकास परिषद, रुद्रपुर शाखा द्वारा स्टोन रिज इंटरनेशनल स्कूल एवं फर्स्ट स्टेप स्कूल परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में परिषद के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर भारत विकास परिषद उत्तराखंड के पूर्व प्रांतीय अध्यक्ष मनोज अरोड़ा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुका है। उन्होंने सभी लोगों से अधिकाधिक वृक्ष लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
शाखा अध्यक्ष आनंद अग्रवाल ने परिषद के ‘‘एक सदस्य-एक वृक्ष’’ अभियान की जानकारी देते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए वृक्षारोपण में सक्रिय भागीदारी करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि वृक्ष न केवल प्रकृति को संरक्षित करते हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण भी प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम में परिषद के महामंत्री राजेश सलूजा, कीर्ति शर्मा, संजय ठुकराल, पर्यावरण संयोजिका गुंजन खेड़ा, अनुज, राकेश श्रीवास्तव, प्रकाश पाठक सहित अन्य सदस्यों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
वक्ताओं ने विद्यार्थियों और उपस्थित लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक रहने तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण एवं अधिकाधिक वृक्षारोपण के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।


