32.6 C
Rudrapur
Monday, June 1, 2026

स्मार्ट मीटर के विरोध में सड़कों पर उतरे लोग, विभागीय टीम को लौटना पड़ा

अवश्य पढ़ें

जबरन स्मार्ट मीटर नहीं लगने देंगे: राजकुमार ठुकराल

न्यूज प्रिन्ट,रुद्रपुर। शहर की भूतबंगला बस्ती में स्मार्ट मीटर लगाने पहुंची विद्युत विभाग की टीम को सोमवार को स्थानीय लोगों के तीव्र विरोध का सामना करना पड़ा। क्षेत्रवासियों ने स्मार्ट मीटर स्थापना का विरोध करते हुए नारेबाजी की और टीम को कार्य करने से रोक दिया। विरोध की सूचना मिलते ही पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर स्मार्ट मीटर लगाए जाने की कार्रवाई का विरोध किया। बढ़ते विवाद को देखते हुए पुलिस को भी मौके पर पहुंचना पड़ा। जानकारी के अनुसार विद्युत विभाग की टीम पुलिस बल के साथ भूतबंगला क्षेत्र में स्मार्ट मीटर लगाने पहुंची थी। टीम के पहुंचते ही स्थानीय लोगों ने इसका विरोध शुरू कर दिया। लोगों का आरोप था कि स्मार्ट मीटर के माध्यम से उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला जा रहा है और इससे बिजली बिलों में अनावश्यक वृद्धि होगी। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए और विभागीय टीम के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।

इसी दौरान पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनने के बाद विभागीय अधिकारियों से बातचीत की। ठुकराल ने कहा कि पहले से ही महंगाई की मार झेल रहे गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों पर स्मार्ट मीटर के नाम पर नया बोझ डालने का प्रयास किया जा रहा है, जिसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार और विद्युत विभाग को पहले जनता की आशंकाओं का समाधान करना चाहिए। यदि स्मार्ट मीटर वास्तव में जनता के हित में हैं तो उसकी पूरी जानकारी और पारदर्शिता लोगों के सामने रखी जानी चाहिए। बिना सहमति और जागरूकता के जबरन स्मार्ट मीटर लगाए जाना उचित नहीं है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि गरीबों के हितों के खिलाफ किसी भी कार्रवाई का पुरजोर विरोध किया जाएगा और क्षेत्र में जबरन स्मार्ट मीटर नहीं लगने दिए जाएंगे। विरोध के दौरान लोगों ने स्मार्ट मीटर योजना के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और टीम को घेर लिया। स्थिति तनावपूर्ण होती देख पुलिस ने हस्तक्षेप कर लोगों को शांत कराया। इस दौरान पप्पू कोली, रिंकू श्रीवास्तव, हरे राम, गीता देवी, पुष्पा राहुल, दिनेश, राकेश, अफजल, सुनीता, राकेश कुमार, अर्जुन मीणा सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

- Advertisement -spot_img

अधिक समाचार

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

ताजा खबर