न्यूज प्रिन्ट,रुद्रपुर। बंगाली समाज के आरक्षण, बांग्ला भाषा को मान्यता देने तथा अन्य सामाजिक अधिकारों की मांग को लेकर रविंद्रनाथ टैगोर पार्क में चल रहा अनिश्चितकालीन धरना लगातार चर्चा का विषय बना हुआ है। आंदोलन को विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों का समर्थन मिल रहा है।
इसी क्रम में आजाद समाज पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष सत्येंद्र कुमार अपने साथियों के साथ धरना स्थल पहुंचे और आंदोलन को समर्थन देते हुए बंगाली समाज की मांगों को न्यायसंगत बताया। उन्होंने कहा कि समाज लंबे समय से अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहा है, लेकिन अब तक उनकी समस्याओं का अपेक्षित समाधान नहीं हो सका है। उन्होंने सरकार से मांगों पर गंभीरता से विचार करने की अपील की।
धरने का नेतृत्व कर रहे सुब्रत कुमार विश्वास ने कहा कि बंगाली समाज अपने संवैधानिक और सामाजिक अधिकारों की प्राप्ति के लिए शांतिपूर्ण तरीके से संघर्ष कर रहा है। उन्होंने समाज के लोगों से एकजुट रहने का आह्वान करते हुए कहा कि शिक्षा, रोजगार और सामाजिक न्याय से जुड़े मुद्दों पर जागरूकता और संगठन की आवश्यकता है।
समाजसेवी रिपन सरकार ने कहा कि बंगाली समाज की विभिन्न मांगों को लेकर वर्षों से प्रशासन और सरकार के समक्ष आवाज उठाई जाती रही है, लेकिन कई महत्वपूर्ण मुद्दे अब भी लंबित हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार समाज की भावनाओं को समझते हुए सकारात्मक पहल करेगी।
धरना स्थल पर मौजूद वक्ताओं ने कहा कि आंदोलन पूरी तरह लोकतांत्रिक और संवैधानिक दायरे में चलाया जा रहा है तथा मांगों पर उचित कार्रवाई होने तक इसे जारी रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न हिस्सों से मिल रहे समर्थन ने आंदोलन को नई ऊर्जा प्रदान की है।
इस दौरान बड़ी संख्या में समाजसेवी, सामाजिक कार्यकर्ता और बंगाली समाज के लोग उपस्थित रहे।


