रुद्रपुर। अम्मान, जॉर्डन में 21 से 26 मई तक आयोजित हुई नौवीं एशियन जु-जित्सू चैंपियनशिप (अंडर-21 जु-जित्सू शो मिक्सड) में रुद्रपुर के क्षितिज सिंह ने कांस्य पदक जीतकर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, कोच और क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है।
क्षितिज इससे पहले नेशनल जु-जित्सू चैंपियनशिप में भी दो स्वर्ण और दो कांस्य पदक जीत चुके हैं। अब उन्हें 20वें एशियाड गेम्स (नागोया, आईची) और सातवें एशियन इंडोर एंड मार्शल आट्र्स गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिलेगा।

कांस्य पदक जीतने के बाद क्षितिज ने कहा, ‘मेरा अगला लक्ष्य वर्ल्ड चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतना है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और कोच ऋषि पाल भारती को दिया। क्षितिज ने बताया कि एशियन चैंपियनशिप में कुछ गलतियां हुईं, जिन्हें वे आगे सुधारना चाहेंगे। विदेशी खिलाडिय़ों से काफी कुछ सीखने का मौका भी उन्हें मिला।
उनके कोच ऋषि पाल भारती ने कहा,’क्षितिज एक प्रेरित, अनुशासित और मेहनती खिलाड़ी हैं। अभ्यास के दौरान संसाधनों की कमी और चोटों के बावजूद उन्होंने कभी समर्पण में कमी नहीं आने दी। क्षितिज के पिता अपूर्व मनोहर सिंह स्वयं राष्ट्रीय स्तर के एथलीट रहे हैं और उनकी माता अराधना सिंह सरस्वती शिशु मंदिर में शिक्षिका हैं।
जिला जु-जित्सू एसोसिएशन ने क्षितिज के स्वागत की तैयारियां शुरू कर दी हैं। उनके आगमन पर सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।





