न्यूज प्रिन्ट पंतनगर। पंडित गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर के नवनियुक्त स्थायी कुलपति डॉ. शिवेंद्र कश्यप से प्रबंधन परिषद सदस्य एवं पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने कुलपति कार्यालय में शिष्टाचार भेंट कर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

राजेश शुक्ला ने कहा कि डॉ. शिवेंद्र कश्यप का विश्वविद्यालय से गहरा जुड़ाव रहा है। वे इसी संस्थान के छात्र रहे हैं तथा एग्रीकल्चर कॉलेज में डीन के रूप में भी लंबे समय तक अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उनके अनुभव और संस्थान की गहरी समझ से विश्वविद्यालय को नई दिशा मिलेगी।
उन्होंने प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि योग्य, अनुभवी और संस्थान की पृष्ठभूमि से जुड़े व्यक्ति को कुलपति की जिम्मेदारी सौंपना दूरदर्शी निर्णय है, जिससे विश्वविद्यालय के शैक्षणिक, शोध एवं प्रशासनिक कार्यों को मजबूती मिलेगी।
इस दौरान राजेश शुक्ला ने कुलपति से विश्वविद्यालय के समग्र विकास, शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार और शोध गतिविधियों को सुदृढ़ करने पर चर्चा की। साथ ही दैनिक वेतनभोगी ठेका मजदूरों एवं सुरक्षा कर्मियों के लिए परिवर्तनीय महंगाई भत्ते में वृद्धि तथा लंबित एरियर भुगतान शीघ्र कराने का आग्रह किया।
उन्होंने वर्ष 2003 से पूर्व कार्यरत कर्मचारियों की लंबित मांगों के समाधान पर भी चर्चा करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय के प्रोफेसर, वैज्ञानिक, कर्मचारी एवं मजदूर सभी संस्थान की मजबूती के आधार स्तंभ हैं, इसलिए सभी वर्गों के हितों को ध्यान में रखते हुए न्यायसंगत निर्णय लिया जाना चाहिए।
राजेश शुक्ला ने विश्वास जताया कि डॉ. शिवेंद्र कश्यप के नेतृत्व में पंतनगर विश्वविद्यालय नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।
रुद्रपुर। खबर व विज्ञापन के लिए संम्पर्क करें 98376 11839 ।


