न्यूज प्रिन्ट, शक्तिफार्म। क्षेत्र की होनहार छात्रा भूमिका फर्त्याल ने उत्तराखंड बोर्ड हाईस्कूल परीक्षा 2026 में 93.60 प्रतिशत अंक प्राप्त कर मेरिट सूची में 20वां स्थान हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।
बसगर ग्रामसभा निवासी भूमिका एक साधारण परिवार से हैं। उनके पिता गोविंद सिंह सुरक्षा कर्मी हैं, जबकि माता गृहिणी हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद भूमिका ने मेहनत और लगन से यह सफलता हासिल कर साबित किया कि मजबूत इच्छाशक्ति से कोई भी लक्ष्य पाया जा सकता है।
जीजीआईसी शक्तिफार्म की छात्रा भूमिका शुरू से ही पढ़ाई में मेधावी रही हैं। नियमित अध्ययन, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन को उन्होंने अपनी सफलता का आधार बताया। विद्यालय के शिक्षकों ने भी उनके प्रदर्शन पर गर्व जताया है।
रिजल्ट आने के बाद क्षेत्र में उनके घर बधाई देने वालों की भीड़ लग गई। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने इसे पूरे क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।
भूमिका ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के सहयोग और शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया है। उन्होंने कहा कि वह आगे उच्च शिक्षा प्राप्त कर अपने क्षेत्र और परिवार का नाम और रोशन करना चाहती हैं।
उनकी यह सफलता क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बन गई है।
रुद्रपुर। खबर व विज्ञापन के लिए संम्पर्क करें 98376 11839 ।


