
शक्तिफार्म। पीलीभीत-बस्ती नेशनल हाईवे पर पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार को पेट्रोल पंप के पास हुए भीषण सड़क हादसे में शक्तिफार्म क्षेत्र के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा डंपर और कार की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत के कारण हुआ।हादसे में कार सवार साधना पत्नी सनातन, शेफाली पत्नी दुलाल और कार चालक तारक की मौके पर ही मौत हो गई।

वहीं साधना का बेटा शांतनु और बेटी खुशबू गंभीर रूप से घायल हो गए। गंभीर हालत को देखते हुए खुशबू को जिला मुख्यालय रेफर किया गया है।टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार चालक तारक वाहन के अंदर बुरी तरह फंस गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने बुलडोजर की मदद से कार को हटवाकर चालक के शव को बाहर निकलवाया। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और हादसे की जानकारी जुटाई।बताया गया कि सभी मृतक उत्तराखंड के सितारगंज क्षेत्र के शक्तिफार्म बाजार और तीन नंबर देवनगर के रहने वाले थे। सभी लोग तारक की बहन के बच्चे के नामकरण संस्कार में शामिल होने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान यह दर्दनाक हादसा हो गया।हादसे के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। हादसे की सूचना मिलने के बाद मृतकों के परिजन पूरनपुर के लिए रवाना हो गए। घायल बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है।



