न्यूज प्रिन्ट रुद्रपुर। विद्युत विभाग द्वारा अप्रैल माह से स्मार्ट मीटर लगाए जाने के विरोध में आयोजित बैठक में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार और विभाग के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटरों के जरिए आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला जा रहा है।

कार्यकर्ताओं ने कहा कि जिन क्षेत्रों में स्मार्ट मीटर लगाए गए हैं, वहां आम जनता, व्यापारी और उद्योगपति बढ़े हुए बिजली बिलों से परेशान हैं। गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को शिकायतों के समाधान के लिए विभाग के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हो रही।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जब उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्य में स्मार्ट मीटरों पर रोक लगाई जा चुकी है, तो उत्तराखंड में इन्हें जबरन क्यों लगाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस की मौजूदगी में मीटर लगाने का प्रयास किया जा रहा है, जो जनता के हितों के खिलाफ है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने इस निर्णय को वापस नहीं लिया, तो कांग्रेस पार्टी सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी और जनता के हक की लड़ाई लड़ेगी।
विरोध जताने वालों में वरिष्ठ कांग्रेस नेता मोहनखेड़ा, संजय जुनेजा, गौरव खुराना, इंद्रजीत सिंह, सौरव राज बेहड़, गौरव गिरी, प्रवेश कुरेशी, सुहेल खान, जितेश शर्मा, शुभम दास, विजय पुजारा, सुनील जड़वानी, राकेश अधिकारी, राजेंद्र मिश्रा, सौरभ शर्मा, राकेश कोली सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
खबर व विज्ञापन के लिए संम्पर्क करें 98376 11839 ।


