15.1 C
Rudrapur
Monday, November 17, 2025

महापौर ने छठ घाटों पर व्यवस्थाओं का लिया जायजा

अवश्य पढ़ें

  • नगर निगम की टीम के साथ स्वच्छता अभियान भी चलाया

न्यूज प्रिंट रूद्रपुर। प्रकृति और सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा को लेकर नगर निगम पूरी मुस्तैदी से तैयारियों में जुटा है। महापौर विकास शर्मा ने शुक्रवार को नगर निगम और सिंचाई विभाग की टीम के साथ शहर के प्रमुख छठ घाटों फुलसुंगा, फुलसुंगी, कल्याणी नदी और जगतपुरा सहित कई स्थानों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान महापौर ने संबंधित कर्मचारियों को छठ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि घाटों की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति और सुरक्षा इंतजामों को लेकर नगर निगम पूरी तरह सक्रिय है। महापौर ने स्वयं नगर निगम की टीम और पूर्वांचल समाज के सदस्यों के साथ श्रमदान कर घाटों पर सफाई अभियान चलाया। उन्होंने कहा कि छठ पर्व केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि यह प्रकृति और नदियों के संरक्षण का सशक्त संदेश देने वाला पर्व भी है।

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि छठ पूजा जैसे पावन पर्व समाज में स्वच्छता, अनुशासन और एकता का संदेश देते हैं। उन्होंने कहा हमारे सभी पर्व हमें प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने की प्रेरणा देते हैं। छठ पूजा नदियों, सूर्य और पर्यावरण के संरक्षण का प्रतीक है। नगर निगम इस दिशा में हर संभव प्रयास कर रहा है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

उन्होंने कहा कि नगर निगम द्वारा सभी छठ घाटों पर सफाई अभियान चलाया गया है। प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त किया गया है । इसके साथ ही निगम कर्मियों की ड्यूटी शिफ्टवार लगाई गई है ताकि घाटों की स्वच्छता और व्यवस्था बनाए रखी जा सके।

महापौर शर्मा ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र में स्वच्छता, सड़क सुधार, जल निकासी व्यवस्था, और हरित क्षेत्रों के संरक्षण को लेकर कई योजनाएं चल रही हैं। उन्होंने कहा कि हमने रूद्रपुर को स्वच्छ, सुंदर और सस्टेनेबल शहर बनाने का संकल्प लिया है। शहर के हर वार्ड में सफाई और विकास कार्यों को निरंतर गति दी जा रही है। स्वच्छ भारत मिशन के तहत रूद्रपुर को स्वच्छ शहरों की श्रेणी में अग्रणी बनाने का लक्ष्य है। महापौर ने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि वे भी नगर निगम के प्रयासों में सहयोग दें और घाटों पर प्लास्टिक या गैर-जैविक कचरा न डालें। नगर निगम केवल संस्थान नहीं, बल्कि जनसहयोग से संचालित एक परिवार है। जब तक नागरिक स्वच्छता को अपनी जिम्मेदारी नहीं मानेंगे, तब तक कोई भी योजना पूर्ण नहीं मानी जा सकती।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पांडे, सहायक नगर आयुक्त राजू नवियाल, पार्षद पवन राणा, अजय यादव, राजेश कुमार, पारस चुघ सहित नगर निगम के अधिकारी, कर्मचारी और पूर्वांचल समाज के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।

- Advertisement -spot_img

अधिक समाचार

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

ताजा खबर