अभिषेक का हाल जानने फिर राममूर्ति अस्पताल पहुंचे महापौर विकास शर्मा

अवश्य पढ़ें

चिकित्सकों से मेडिकल रिपोर्ट पर की विस्तृत चर्चा, परिजनों को हरसंभव मदद का भरोसा

बबलू पाल न्यूज प्रिंट रुद्रपुर। काशीपुर रोड फ्लाईओवर के पास हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल अभिषेक वाल्मीकि का हाल जानने के लिए महापौर विकास शर्मा मंगलवार को एक बार फिर राममूर्ति अस्पताल, बरेली पहुंचे।

महापौर ने अस्पताल में चिकित्सकों से मुलाकात कर अभिषेक के स्वास्थ्य और उपचार की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली। चिकित्सकों ने बताया कि अभिषेक की हालत फिलहाल स्थिर है और विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम लगातार उसके उपचार में जुटी हुई है।महापौर ने अस्पताल में काफी समय बिताया और चिकित्सकों से अभिषेक की मेडिकल रिपोर्ट तथा वर्तमान स्वास्थ्य स्थिति को लेकर बारीकी से जानकारी ली।

उन्होंने चिकित्सकों से उपचार के संबंध में आवश्यक जानकारी लेते हुए कहा कि घायल के इलाज में किसी भी स्तर पर कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। चिकित्सकों ने महापौर को बताया कि अभिषेक को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है और उसकी स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।गौरतलब है कि बीते दिनों काशीपुर रोड फ्लाईओवर के पास कार और स्कूटी की टक्कर में स्कूटी सवार अभिषेक वाल्मीकि समेत दो युवक घायल हो गए थे। हादसे में अभिषेक को गंभीर चोटें आने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर चिकित्सा के लिए राममूर्ति अस्पताल, बरेली रेफर किया गया था। वर्तमान में अभिषेक का सघन चिकित्सा कक्ष में उपचार चल रहा है।

अभिषेक की गंभीर स्थिति की जानकारी मिलने के बाद महापौर विकास शर्मा घटना के अगले ही दिन बरेली पहुंचे थे और अस्पताल में चिकित्सकों से मुलाकात कर अभिषेक के उपचार की जानकारी ली थी। उन्होंने उस समय भी चिकित्सकों से घायल के इलाज में किसी प्रकार की कमी न रखने का आग्रह किया था। मंगलवार को महापौर ने दोबारा अस्पताल पहुंचकर चिकित्सकों से मुलाकात की और अभिषेक की स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों से उपचार की अब तक की प्रगति, मेडिकल रिपोर्ट और आगे की उपचार प्रक्रिया के संबंध में भी चर्चा की। महापौर ने कहा कि अभिषेक के उपचार में किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। जरूरत पड़ने पर उसे किसी बड़े अस्पताल में ले जाने की व्यवस्था भी की जाएगी। यदि बेहतर उपचार के लिए उसे दिल्ली अथवा किसी अन्य बड़े शहर में ले जाने की आवश्यकता महसूस होती है तो उसके लिए भी हरसंभव व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर एयर एंबुलेंस अथवा हेलीकॉप्टर की व्यवस्था करने में भी कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।अस्पताल में महापौर ने अभिषेक के परिजनों से भी मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने परिजनों से कहा कि इस कठिन समय में वे अकेले नहीं हैं और अभिषेक के उपचार के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा। महापौर ने कहा कि नगर निगम परिवार अभिषेक और उसके परिवार के साथ खड़ा है। उन्होंने ईश्वर से अभिषेक के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि सभी लोग उसके जल्द स्वस्थ होने के लिए प्रार्थना करें।इस दौरान महापौर ने अभिषेक के मामा रिंकू से भी बातचीत की। रिंकू ने बाद में एक वीडियो जारी कर अभिषेक को लेकर अफवाह फैलाए जाने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभिषेक का उपचार राममूर्ति अस्पताल में जारी है और चिकित्सकों की टीम पूरी तत्परता के साथ उसके इलाज में जुटी हुई है।रिंकू ने कहा कि अभिषेक के स्वास्थ्य को लेकर महापौर विकास शर्मा लगातार परिवार के साथ में खड़े हैं और समय-समय पर चिकित्सकों से जानकारी ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि मंगलवार को भी महापौर ने अस्पताल पहुंचकर अभिषेक का हाल जाना और चिकित्सकों से उसकी स्थिति को लेकर विस्तृत बातचीत की।उन्होंने लोगों से अपील की कि अभिषेक के स्वास्थ्य को लेकर किसी भी प्रकार की अपुष्ट सूचना अथवा अफवाह पर विश्वास न करें और न ही उसे आगे फैलाएं। उन्होंने कहा कि इस समय सबसे जरूरी है कि सभी लोग अभिषेक के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करें। रिंकू ने कहा कि अभिषेक का उपचार चिकित्सकों की निगरानी में चल रहा है और पूरा परिवार उसके स्वास्थ्य को लेकर चिंतित है। ऐसे समय में अफवाहें परिवार की परेशानी और चिंता को और बढ़ाती हैं।

- Advertisement -spot_img

अधिक समाचार

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

ताजा खबर