न्यूज प्रिन्ट शक्तिफार्म। तीन दिन से लापता चल रहे एक युवक का शव बैगुल नदी किनारे पेड़ से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। जानकारी के अनुसार निर्मल नगर निवासी हर्षित साना (25) बीते बृहस्पतिवार को घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की तथा रिश्तेदारों और परिचितों से भी संपर्क किया, मगर उसका कोई सुराग नहीं लग सका। शनिवार को पशु चराने गए एक ग्रामीण ने सिडकुल फेस-दो क्षेत्र में बैगुल नदी किनारे एक युवक का शव पेड़ से लटका देखा। ग्रामीण ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल की तो शव की पहचान हर्षित साना के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। ग्रामीणों के अनुसार हर्षित का विवाह करीब चार माह पूर्व ही हुआ था। वह अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था और सिडकुल स्थित एक फैक्टरी में कार्यरत था। उसके पिता हरेंद्र साना गांव में दुकान चलाते हैं। इकलौते बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। माता-पिता समेत सभी परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
तीन दिन से लापता युवक का शव बैगुल नदी किनारे पेड़ से लटका मिला


