35.9 C
Rudrapur
Saturday, June 21, 2025

RUDRAPUR: कल्याणी नदी पर अतिक्रमण चिह्नित, नगर निगम ने शुरू की कार्रवाई

अवश्य पढ़ें

रुद्रपुर। शहर की एकमात्र बहने वाली प्राचीन कल्याणी नदी पर किए गए अवैध अतिक्रमण को लेकर नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। निगम की टीम ने जगतपुरा से लेकर फाजलपुर महरौला तक नदी के किनारे बने 20-20 मीटर के दायरे में आने वाले मकानों को चिह्नित कर निशान लगा दिए हैं और अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है।
नगर निगम की इस सख्ती से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया है। निगम अधिकारियों ने स्पष्ट कर दिया है कि बरसात शुरू होने से पूर्व सभी को नदी के भीतर या किनारे बने अवैध निर्माण स्वयं हटाने होंगे, अन्यथा निगम उन्हें बलपूर्वक ध्वस्त कर देगा।
शहर में कल्याणी नदी को कभी जीवनदायिनी के रूप में जाना जाता था, लेकिन अब नदी के भीतर तक हजारों लोगों ने अवैध निर्माण कर लिए हैं। इसके कारण नदी का प्राकृतिक बहाव पूरी तरह से अवरुद्ध हो गया है, जिससे बरसात के मौसम में आसपास के क्षेत्रों में जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो जाती है। नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, यह कदम जनहित और पर्यावरण संरक्षण के लिए जरूरी है। अवैध कब्जों के चलते जल निकासी व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और शहर की बाढ़ से सुरक्षा खतरे में पड़ गई है। नगर निगम ने चेतावनी दी है कि अतिक्रमणकारियों को अंतिम अवसर दिया जा रहा है। वे स्वेच्छा से कल्याणी नदी के दायरे को खाली करें, अन्यथा निगम कड़ी कार्रवाई करेगा। यह अभियान न सिर्फ शहर को जलभराव से निजात दिलाने की दिशा में अहम कदम है, बल्कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने और जल स्रोतों की रक्षा के लिए भी जरूरी है।

- Advertisement -spot_img

अधिक समाचार

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

ताजा खबर