किसानों की समस्याओं को लेकर विधायक तरविंदर सिंह मारवाह ने की सरदार वीर सिंह विर्क से मुलाकात
बबलू पाल न्यूज प्रिंट रुद्रपुर। दिल्ली के जंगपुरा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक सरदार तरविंदर सिंह मारवाह ने दिल्ली से उत्तराखंड पहुंचकर बगवाड़ा निवासी समाजसेवी, भारतीय सिख संगठन के राष्ट्रीय महासचिव एवं ऑल इंडिया केंद्रीय गुरु सिंह सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरदार वीर सिंह विर्क के आवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने सरदार वीर सिंह विर्क का हालचाल जाना और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। विधायक मारवाह ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं के बीच किसानों की समस्याओं और उनके हितों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

सरदार वीर सिंह विर्क ने कहा कि किसानों को कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है और सरकार को किसानों की समस्याओं पर गंभीरता से विचार करते हुए उनके हित में ठोस कदम उठाने चाहिए। उन्होंने विधायक मारवाह से किसानों की समस्याओं को सरकार के समक्ष मजबूती से रखने का आग्रह किया।इस पर विधायक सरदार तरविंदर सिंह मारवाह ने कहा कि वे किसानों की समस्याओं को सरकार के समक्ष प्रमुखता से रखेंगे। उन्होंने कहा कि किसानों के हक और उनकी जायज मांगों के लिए वे हर संभव प्रयास करेंगे। उन्होंने बताया कि दिल्ली विधानसभा में भी उन्होंने किसानों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया है।मारवाह ने कहा कि उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जनपद के किसानों, मजदूरों और आम जनता की समस्याओं को लेकर भी वे हमेशा उनके साथ खड़े रहेंगे तथा समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित स्तर पर प्रभावी ढंग से वार्ता करेंगे।इस अवसर पर चंडीगढ़ से पहुंचे समाजसेवी सरदार जगतार सिंह सहित भारतीय सिख संगठन एवं किसान संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी संतोख सिंह रंधावा, विक्रम सिंह, सोनू सिंह, गेरी सिंह, परमिंदर सिंह ढिल्लों समेत अन्य किसान उपस्थित रहे। बैठक में किसानों की वर्तमान समस्याओं, उनके अधिकारों और समाधान के लिए आगे की रणनीति पर भी चर्चा की गई।


