न्यूज प्रिंट रुद्रपुर। निष्क्रिय बैंक खातों को दोबारा सक्रिय कराने, खातों में नामिनी दर्ज करवाने तथा विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से ऊधमसिंह नगर जिले में 15 जून से विशेष शिविरों का आयोजन किया जाएगा। ये शिविर 15 जुलाई तक जनपद की विभिन्न ग्राम पंचायतों में लगाए जाएंगे।
जिला लीड बैंक अधिकारी चिराग पटेल ने बताया कि जिले की 375 ग्राम पंचायतों में शिविर आयोजित करने के लिए रोस्टर तैयार किया जा रहा है। इन शिविरों के माध्यम से पात्र एवं इच्छुक लोगों का प्रधानमंत्री जनधन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और अटल पेंशन योजना में नामांकन कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जनधन योजना के कई खाते लंबे समय से निष्क्रिय पड़े हैं, जिन्हें पुनः सक्रिय करने के लिए री-केवाईसी (Re-KYC) और सी-केवाईसी (C-KYC) की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी। साथ ही खाताधारकों को अपने बैंक खातों में नामिनी दर्ज कराने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा।
चिराग पटेल ने कहा कि कई मामलों में खाताधारक की मृत्यु के बाद नामिनी दर्ज न होने के कारण परिजनों और कानूनी वारिसों को धनराशि प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इसी समस्या के समाधान के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे अपने नजदीकी शिविर में पहुंचकर बैंक खातों से संबंधित आवश्यक कार्यों को पूरा कराएं और सरकार की सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ उठाएं। यह अभियान वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने और अधिक से अधिक लोगों को सामाजिक सुरक्षा के दायरे में लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।


